हैदराबाद के हिटेक्स एग्ज़िबिशन सेंटर में आयोजित 72वीं मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में थाईलैंड की सुचाता चुआंगस्री ने मिस वर्ल्ड 2025 का ताज जीतकर इतिहास रच दिया। इस प्रतिष्ठित इवेंट में दुनिया भर के 110 देशों की सुंदरियों ने हिस्सा लिया, लेकिन सुचाता ने अपनी असाधारण प्रतिभा, आत्मविश्वास और सामाजिक प्रतिबद्धता के बल पर सभी को पीछे छोड़ते हुए यह गौरवपूर्ण खिताब अपने नाम किया।
“ओपल” के नाम से मशहूर सुचाता का प्रेरणादायक सफर
20 मार्च 2003 को फुकेत, थाईलैंड में जन्मी सुचाता को उनके प्रियजन प्यार से “ओपल” कहते हैं। वह थामसैट यूनिवर्सिटी में इंटरनेशनल रिलेशन की पढ़ाई कर रही हैं और थाई, अंग्रेजी और चीनी भाषाओं में दक्ष हैं। उन्होंने “Opal For HER” नामक एक सामाजिक अभियान की शुरुआत की, जो महिलाओं में ब्रेस्ट हेल्थ को लेकर जागरूकता फैलाने पर केंद्रित है। यह पहल उन्होंने मात्र 16 वर्ष की उम्र में अपने व्यक्तिगत अनुभव से प्रेरित होकर शुरू की थी, जब उन्हें ब्रेस्ट सिस्ट की सर्जरी से गुजरना पड़ा था।
फिनाले गाउन बना मिसाल, नारी शक्ति को किया समर्पित
फिनाले में पहना गया उनका गाउन महज एक परिधान नहीं, बल्कि एक गहन संदेश लेकर आया था। यह “Opal For HER” अभियान की थीम से प्रेरित था। ओपल रत्न से प्रेरित सफेद गाउन, फूलों की बारीक कढ़ाई और स्वारोवस्की क्रिस्टल से सजा यह परिधान महिला सशक्तिकरण, उम्मीद और परिवर्तन का प्रतीक बना। इसकी फ्लोई ट्रेल और चमकती डिज़ाइन ने उस भावना को दर्शाया कि एक दिल से कई दिलों को जोड़ा जा सकता है।
थाईलैंड के लिए ऐतिहासिक जीत
सुचाता ने प्रतियोगिता के मल्टीमीडिया चैलेंज में जीत दर्ज कर टॉप 40 में जगह बनाई और आगे बढ़ते हुए फिनाले में मिस पोलैंड और मिस मार्टीनिक जैसी प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए विजेता बनीं। थाईलैंड के लिए यह मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में पहला खिताब है, जिससे देश में खुशी और गर्व की लहर दौड़ गई है।
भारत की नंदिनी गुप्ता ने भी दिखाया दम
इस बार भारत का प्रतिनिधित्व कर रहीं नंदिनी गुप्ता ने भी प्रतियोगिता में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। हालांकि वह टॉप 2 में नहीं पहुंच सकीं, लेकिन “टॉप मॉडल” चैलेंज में एशिया-ओशिनिया क्षेत्र की विजेता बनकर भारत का नाम गौरवान्वित किया।
ब्यूटी कॉम्पटीशन में सुचाता का चमकता सफर
सुचाता ने 2021 में मिस रत्तनाकोसिन प्रतियोगिता से अपने सौंदर्य यात्रा की शुरुआत की। इसके बाद 2022 में मिस यूनिवर्स थाईलैंड में तीसरा स्थान और 2024 में खिताब जीतकर उन्होंने मिस यूनिवर्स 2024 में थाईलैंड का प्रतिनिधित्व करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। अब 2025 में, मिस वर्ल्ड का ताज जीतकर उन्होंने अपने देश को विश्व मंच पर नई पहचान दिलाई है।









