भारत ने पाकिस्तान को हराकर एशिया कप 2025 का खिताब अपने नाम किया, लेकिन ट्रॉफी को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। दरअसल, टीम इंडिया ने साफ कर दिया था कि वे ACC प्रमुख और पाकिस्तानी मंत्री मोहसिन नकवी से ट्रॉफी नहीं लेंगे। इसके बाद नकवी ट्रॉफी अपने साथ ले गए। अब तक भारतीय टीम को ट्रॉफी नहीं मिली है, जिससे खिलाड़ियों और फैंस के बीच सवाल उठ रहे हैं।
ACC का एक्शन:
जागरण न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, मोहसिन नकवी इस समय दुबई के एक होटल में ठहरे हुए हैं और ट्रॉफी भी वहीं मौजूद है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) ने नकवी को आदेश दिया है कि ट्रॉफी तुरंत दुबई की स्पोर्ट्स सिटी स्थित ACC कार्यालय में जमा कराई जाए।
BCCI की तैयारी:
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) भी अन्य क्रिकेट बोर्ड्स से संपर्क कर रहा है ताकि ट्रॉफी जल्द से जल्द टीम इंडिया तक पहुंचे। अधिकारियों का कहना है कि ट्रॉफी नकवी की निजी संपत्ति नहीं है, बल्कि यह एशियन क्रिकेट काउंसिल की है और किसी भी स्थिति में इसे अपने पास रखना नियमों का उल्लंघन है।
पद छिनने का खतरा:
रिपोर्ट्स के मुताबिक, नकवी जिस तरह से विवादों में घिर गए हैं, उससे उनके हाथ से ACC प्रमुख का पद भी जा सकता है। बांग्लादेश में अधूरी रही ACC की बैठक अब दुबई में होने वाली थी, लेकिन BCCI ने इसे टालने की मांग की है। ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि भारत नकवी के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज करा सकता है।










