नई दिल्ली । एशिया कप 2025 के फाइनल में भारत से मिली हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान सलमान अली आगा मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं। दरअसल, मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिए उनके विवादित बयान को लेकर अब बड़ा विवाद खड़ा हो गया है और खबरें आ रही हैं कि BCCI उनके खिलाफ कड़ा कदम उठाने की तैयारी में है।
क्या कहा था पाक कप्तान ने?
फाइनल मुकाबले में हारने के बाद सलमान अली आगा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था— “हमारी टीम भारत द्वारा हुए हमले के पीड़ित लोगों और बच्चों को पूरी मैच फी दान करेगी।”
उनके इस बयान ने विवाद को जन्म दे दिया, क्योंकि भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई की थी, जिसमें किसी भी आम नागरिक को नुकसान नहीं हुआ था। ऐसे में पाक कप्तान का यह बयान भारत के खिलाफ भड़काऊ माना जा रहा है।
BCCI की कार्रवाई तय
सूत्रों के मुताबिक, BCCI पाक कप्तान के इस बयान पर शिकायत दर्ज कराने जा रहा है। साथ ही, सलमान अली आगा पर भारी जुर्माना भी लगाया जा सकता है। माना जा रहा है कि यह बयान न केवल खेल भावना के खिलाफ है, बल्कि भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला भी है।
सलमान के लिए बढ़ीं मुश्किलें
फिलहाल पाक कप्तान की मुश्किलें बढ़ना तय माना जा रहा है। क्रिकेट पंडितों का मानना है कि इस मामले में उन पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई हो सकती है और संभव है कि भविष्य में उन्हें अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट्स में भी प्रतिबंध का सामना करना पड़े।










