कोरबा। 10 अगस्त को बहन के घर जाने के लिए निकली एक युवती के साथ मार्टिन जंगल में दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, युवती बस का इंतजार कर रही थी, तभी ग्राम बांगोड़ी निवासी शिवराम माकड़े (38) वहां पहुंचा। उसने युवती को पहचान का हवाला देते हुए घर छोड़ने की बात कही। भरोसा कर युवती उसकी स्कूटी पर बैठ गई। आरोपी उसे सीधे मार्टिन जंगल ले गया, जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट कर युवती को धमकाया और किसी तरह घर छोड़ गया।
घर पहुंची पीड़िता ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजन तुरंत पुलिस चौकी पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके मार्गदर्शन में एसडीओपी पंकज ठाकुर और थाना प्रभारी सुरेश साहू की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 376 (दुष्कर्म), 323 (मारपीट) और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।








