रायपुर – राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन पर बुधवार को एक बड़ा रेल हादसा हुआ, जब एक मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतर गए। इस दुर्घटना के कारण कई पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन में बाधा आई और वे तय समय से काफी देर से रवाना हुईं, जिससे यात्रियों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मालगाड़ी नागपुर डिवीजन के आंध्र क्षेत्र से लौह अयस्क और आयरन लादकर आ रही थी। ट्रेन के पिछले हिस्से के दो डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने राहत और बहाली कार्य में तेजी दिखाई। डिब्बों को हटाने और क्षतिग्रस्त ट्रैक की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर जारी रहा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रैक की मरम्मत पूरी होते ही प्रभावित ट्रेनों का संचालन सामान्य रूप से शुरू कर दिया जाएगा। फिलहाल यात्रियों से अपील की गई है कि वे स्टेशन पर घोषणाओं पर ध्यान दें और आवश्यकता पड़ने पर हेल्पलाइन नंबरों से जानकारी लें।
रेलवे प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।








