रायपुर – सूरजपुर जिले के भैयाथान क्षेत्र में अवैध खनिज परिवहन पर प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देश पर खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने समौली, कुसुसी, करौटी और बसदेई गांवों में छापेमारी कर 13 मामलों में केस दर्ज किए हैं।
इन मामलों में 7 रेत, 5 ईंट निर्माण और 1 गिट्टी परिवहन से संबंधित अवैध गतिविधियां शामिल हैं। जब्त किए गए वाहनों को पुलिस थाना झिलमिली और बसदेई चौकी में सुरक्षा के तहत रखा गया है। संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ खनिज नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, अप्रैल और मई 2025 के बीच जिले में अब तक कुल 45 अवैध खनिज परिवहन के मामले दर्ज किए जा चुके हैं। यह जिला प्रशासन की सतत निगरानी और सख्ती का संकेत है।
कलेक्टर जयवर्धन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स पूरी मुस्तैदी से काम करे। उन्होंने कहा कि खनिज राजस्व की हानि को रोकना शासन की प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि स्वीकृत खदानों का संचालन पर्यावरणीय शर्तों और कानूनी प्रावधानों के तहत हो, और समय पर खनिज राजस्व की वसूली की जाए। साथ ही, केवल अधिकृत स्रोतों से ही खनन और परिवहन हो — अवैध आपूर्ति पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।








