सरगुजा/मैनपाट। विशेष रिपोर्ट।
सरगुजा/मैनपाट। 4 अगस्त 2026 आज जिले के मैनपाट क्षेत्र से एक चिंताजनक घटना सामने आई है। सरभंजा ग्राम के डुमरगोड़ा जंगल में मंगलवार सुबह खुखड़ी (वन उपज) बीनने गई एक महिला पर जंगली भालू ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद उन्हें प्राथमिक उपचार देकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीमती कुंती माझी (पति – शिवकुमार माझी) मंगलवार सुबह लगभग 6 बजे रोज़मर्रा की तरह जंगल में खुखड़ी बीनने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों से निकले एक जंगली भालू ने उन पर अचानक हमला कर दिया। भालू के हमले से उनके सिर और कूल्हे में गंभीर चोटें आईं, जिससे वे मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ीं।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे तथा एंबुलेंस की सहायता से घायल महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कमलेश्वरपुर पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और प्रशासन की टीम भी सक्रिय हो गई। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल में अकेले न जाएं, समूह में ही प्रवेश करें और जंगली जानवरों की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए पूरी सतर्कता बरतें।
लगातार सामने आ रही वन्यजीवों की घटनाओं ने एक बार फिर जंगल से लगे गांवों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।











