अम्बिकापुर। विशेष रिपोर्ट।
अम्बिकापुर। होली क्रॉस वुमेन्स कॉलेज, अम्बिकापुर के सहायक प्राध्यापक अकील अहमद अंसारी को लेकर सोशल मीडिया एवं विभिन्न शिकायतों के माध्यम से बनाए जा रहे कथित भ्रमपूर्ण माहौल के बीच अब ‘मीडिया सम्मान परिवार’ उनके समर्थन में सामने आया है। संगठन ने कॉलेज की प्राचार्या को विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए मामले में तथ्यों की निष्पक्षता से जांच करने तथा व्यक्तिगत आरोपों के आधार पर संस्थान का गरिमापूर्ण वातावरण प्रभावित नहीं होने देने का आग्रह किया है।
ज्ञापन में संगठन ने प्रो. अकील अहमद अंसारी के शैक्षणिक एवं सामाजिक कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा है कि वे कॉलेज में अपनी शैक्षणिक जिम्मेदारियों के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में भी सक्रिय रहते हैं। संगठन के अनुसार, उन्होंने एम.फिल. (डिजिटल क्राइम एंड इन्वेस्टिगेशन) की उपाधि प्राप्त की है और वर्तमान में पीएचडी के शोधार्थी हैं। ज्ञापन में यह भी दावा किया गया है कि वे गरीब, असहाय, दलित एवं पीड़ित लोगों को निःशुल्क सहयोग और सेवाएं उपलब्ध कराते रहे हैं।
अनुपम वस्त्रालय प्रकरण का भी किया उल्लेख
ज्ञापन में अम्बिकापुर थाना क्षेत्र के अनुपम वस्त्रालय प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि प्रो. अकील अंसारी ने सोशल मीडिया एवं वीडियो के माध्यम से मामले को सामने लाने का प्रयास किया। संगठन के अनुसार, इसके बाद पुलिस विभाग ने संबंधित विवेचना अधिकारी, प्रधान आरक्षक, को निलंबित कर निष्पक्ष जांच की कार्रवाई शुरू की।

ज्ञापन में आगे आरोप लगाया गया है कि इसी घटनाक्रम के बाद CAIT के सरगुजा उपाध्यक्ष द्वारा पीड़ित महिला के चरित्र को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया, जिसके विरोध में सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारियों द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की गई।
पुराने मामले को सोशल मीडिया पर उठाने पर जताई आपत्ति
‘मीडिया सम्मान परिवार’ ने ज्ञापन में कथित तौर पर 16-17 वर्ष पुरानी घटना को दोबारा सोशल मीडिया पर उछाले जाने पर गंभीर आपत्ति जताई है। संगठन का कहना है कि किसी महिला के निजी अतीत को सार्वजनिक चर्चा का विषय बनाकर उसकी सामाजिक एवं पारिवारिक प्रतिष्ठा प्रभावित करना उचित नहीं है।

ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि बिना स्पष्ट नाम लिए पुराने घटनाक्रमों के संकेत देकर लोगों को किसी महिला की पहचान तलाशने के लिए प्रेरित करना उसकी निजता और सम्मान के लिए गंभीर रूप से नुकसानदायक हो सकता है। संगठन ने व्यक्तिगत रंजिश अथवा आरोप-प्रत्यारोप के बजाय तथ्यों और कानून के आधार पर मामले को देखने की अपील की है।

कॉलेज की गरिमा बनाए रखने की मांग
संगठन ने कॉलेज की प्राचार्या से आग्रह किया है कि सोशल मीडिया पर चल रहे कथित भ्रमपूर्ण प्रचार और व्यक्तिगत शिकायतों की वास्तविकता की जांच किए बिना कोई निष्कर्ष न निकाला जाए तथा होली क्रॉस वुमेन्स कॉलेज की शैक्षणिक गरिमा और शांतिपूर्ण वातावरण को बनाए रखा जाए।

ज्ञापन की प्रतिलिपि UGC नई दिल्ली, केंद्रीय क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल, छत्तीसगढ़ उच्च शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा संचालनालय, संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय सरगुजा, सरगुजा संभाग आयुक्त, कलेक्टर सरगुजा तथा होली क्रॉस वुमेन्स कॉलेज के प्रबंधन मंडल सहित संबंधित अधिकारियों को भेजे जाने की जानकारी दी गई है।
पत्र क्रमांक: MSPT/CG/2026/118 | दिनांक: 21 सितंबर 2026








