स्वराज जयसवाल विशेष रिपोर्ट।
रायगढ़। बड़पारा शराब भट्ठी के पास सब्जी विक्रेता से मारपीट कर ₹5 हजार नकद और मोटरसाइकिल लूटने के मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 BF 9616, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹60 हजार है, बरामद कर जब्त कर ली है।

शराब के लिए मांगे ₹100, फिर मारपीट कर लूट ली बाइक
पुलिस के अनुसार ग्राम गौतमा, थाना पुसौर निवासी गजानन प्रधान (32 वर्ष) सब्जी बिक्री का काम करता है। 15 सितंबर 2026 को वह सब्जी बिक्री की रकम जमा करने अपनी मोटरसाइकिल से रायगढ़ के हटरी चौक जा रहा था। इसी दौरान करीब दोपहर 2:30 बजे वह बड़पारा शराब भट्ठी में शराब खरीदने पहुंचा।
इसी दौरान वहां मौजूद दो युवकों ने उससे शराब पीने के लिए ₹100 की मांग की। गजानन द्वारा पैसे देने के बाद आरोपियों ने और शराब की मांग करते हुए उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों ने उसके साथ हाथ-मुक्के से मारपीट की और उसकी शर्ट की ऊपरी जेब में रखे ₹5,000 नगद निकाल लिए।
इसके बाद आरोपियों ने गजानन से उसकी मोटरसाइकिल की चाबी छीन ली और बाइक लेकर मौके से फरार हो गए।
शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के संबंध में गजानन प्रधान ने 19 सितंबर 2026 को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू की।
पुलिस ने दोनों संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लेकर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पहचान कार्रवाई कराई। पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि लूटी गई ₹5,000 की रकम खाने-पीने में खर्च हो गई।
आरोपी के मेमोरेंडम पर बरामद हुई बाइक
पूछताछ के दौरान आरोपी संजय शर्मा उर्फ सोनू के बताए मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने लूटी गई एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल CG 13 BF 9616, कीमत करीब ₹60 हजार, बरामद कर जब्त कर ली।
मामले में पर्याप्त अपराध साक्ष्य पाए जाने के बाद संजय शर्मा उर्फ सोनू और गणेश शर्मा को 21 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लूट का खुलासा
बड़पारा शराब भट्ठी के पास हुई लूट की इस वारदात में कोतवाली पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी और लूटी गई संपत्ति की बरामदगी की। मामले में आगे की कार्रवाई जारी।








