बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उनी में दर्दनाक हादसा हो गया। सोमवार शाम कुंए में मरे मेंढक को निकालने के प्रयास में एक 15 वर्षीय किशोर और उसके पिता की जान चली गई।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव के रहने वाले कैलाश दास गोस्वामी अपने 15 वर्षीय बेटे अंशु के साथ घर पर ही थे। शाम करीब पांच बजे दोनों ने आंगन में बने कुंए से बदबू आने की शिकायत महसूस की। जब अंशु ने कुंए में झांककर देखा, तो उसमें एक मरा हुआ मेंढक दिखाई दिया। वह उसे निकालने के लिए कुंए में उतर गया, लेकिन भीतर पहुंचते ही बेहोश हो गया।
बेटे को बेसुध होते देख पिता कैलाश दास भी बिना देरी किए कुंए में उतर गए, लेकिन वह भी भीतर ही बेहोश हो गए। काफी देर तक बाहर न आने पर परिजनों ने जब कुंए में झांककर देखा, तो दोनों को अचेत अवस्था में पाया।
घटना की सूचना मिलते ही सीपत थाना प्रभारी गोपाल सतपथी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से दोनों के शव को बाहर निकाला।
मंगलवार सुबह दोनों का पोस्टमार्टम कराया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि कुंए में एक सबमर्सिबल पंप भी लगा हुआ था, ऐसे में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मौत का कारण करंट था या कुंए में मौजूद कोई जहरीली गैस। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण की पुष्टि हो सकेगी।








