उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब शहर के कई स्कूलों और प्रमुख इमारतों को बम से उड़ाने की धमकी का पत्र मिला। चार लाइन के इस पत्र में 24 घंटे के भीतर कई स्थानों पर विस्फोट करने की बात लिखी गई है। धमकी देने वाले का नाम पत्र में उल्लेखित नहीं है।
लुलु मॉल में मिला धमकी भरा पत्र
यह पत्र लखनऊ के लुलु मॉल के भीतर फेंका गया था। मॉल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि पत्र फेंकने वाले की पहचान की जा सके।
शहर में सुरक्षा कड़ी, बड़े पैमाने पर चेकिंग
पत्र मिलते ही लखनऊ पुलिस सक्रिय हो गई और शहरभर में बड़े पैमाने पर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया। एडीसीपी सेंट्रल जितेंद्र दुबे के अनुसार, बीडीएस (बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड), डॉग स्क्वॉड और अतिरिक्त पुलिस बल को तुरंत तैनात किया गया।
सबसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों—हजरतगंज, विधानसभा भवन, सचिवालय, लोक भवन, मॉल क्षेत्र और प्रमुख चौराहों पर गहन जांच की गई। अब तक किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि सामने नहीं आई है।
पुलिस जांच जारी
पुलिस अधिकारी मामले को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच कर रहे हैं। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से पत्र फेंकने वाले की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल शहर में सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है और सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।









