कोरबा/कटघोरा। आधुनिक कृषि तकनीकों से किसानों को जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में 10 जून को पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के तुमान और कटघोरा के विजयपुर ग्राम में एक दिवसीय कृषि जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025-26 के तहत कृषि विभाग के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
तुमान में आयोजित शिविर में उपसंचालक कृषि देवेंद्र पाल कंवर ने खरीफ फसल की तैयारी, बीज उत्पादन, किसान समृद्धि योजना व कृषि यंत्रीकरण योजना की जानकारी दी। किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि की ई-केवाईसी, आधार और लैंड सीडिंग जैसे जरूरी कार्य शीघ्र पूर्ण करने की अपील की गई। कृषि वैज्ञानिकों ने ड्रोन तकनीक, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, जल संरक्षण तथा सतत कृषि पद्धतियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने किसानों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील की और कहा कि आधुनिक कृषि ही ग्रामीण समृद्धि की कुंजी है। जनपद अध्यक्ष माधुरी देवी तंवर ने गुणवत्तापूर्ण बीज और समय पर बुआई की महत्ता बताई। जनप्रतिनिधियों ने मृदा कार्ड, एफपीओ, फसल बीमा और व्यवसायिक खेती के प्रति भी किसानों को जागरूक किया।
तुमान के अमलडीहा में 165 से अधिक किसानों को जानकारी के साथ-साथ सब्जी मिनी किट, ब्रोशर और पाम्पलेट वितरित किए गए। वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी सुरेश नामदेव ने खरीफ फसलों में उन्नत तकनीकों के प्रयोग पर जोर दिया।
इसी तरह विजयपुर में भी कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत शिविर का सफल आयोजन किया गया। नोडल अधिकारी श्रीमती पुष्पा कंवर और वरिष्ठ कृषि अधिकारी एमपी सिंह के मार्गदर्शन में किसानों को जैविक खेती, आधुनिक कृषि पद्धतियों, राज्य व केंद्र सरकार की योजनाओं और तकनीकी सहायता की जानकारी दी गई। कृषि विज्ञान केंद्र, पशु, मत्स्य और उद्यानिकी विभागों के विशेषज्ञों ने अपनी योजनाएं साझा कीं। किसानों को भिंडी और लौकी के बीज वितरित किए गए।
कार्यक्रम में विजयपुर और आसपास के सरपंच, सचिव, किसान मितान व सैकड़ों किसानों की सक्रिय भागीदारी रही। समापन अवसर पर उपस्थित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने किसानों से अपील की कि वे पारंपरिक खेती के साथ तकनीक आधारित आधुनिक खेती अपनाएं और योजनाओं का अधिकतम लाभ लें।








