बिलासपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप में देवगांव की महिला पंचायत सचिव आरती पनौरे को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) संदीप अग्रवाल द्वारा की गई है।
मस्तूरी ब्लॉक के ग्राम पंचायत देवगांव में पदस्थ सचिव आरती पनौरे के विरुद्ध सरपंच शशिकला साहू और 11 पंचों ने संयुक्त रूप से शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन में भारी अनियमितताएं और लापरवाही की गई है।
शिकायत मिलने के बाद सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। लेकिन सचिव द्वारा दिया गया जवाब असंतोषजनक पाया गया, जिसके चलते पंचायत सचिव को छत्तीसगढ़ पंचायत आचरण नियम 1998 एवं छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा नियम 1999 के नियम 4(1) के अंतर्गत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
निलंबन के बाद देवगांव पंचायत का अतिरिक्त प्रभार आंकडीह ग्राम पंचायत के सचिव जगदीश साहू को सौंपा गया है। जिला प्रशासन ने मामले की आगे की जांच जारी रखने की बात कही है।






