देशभक्ति और जनसेवा की भावना से सराबोर ग्राम हथनीकला अब खेलों के क्षेत्र में भी नया इतिहास रचने की ओर बढ़ रहा है। मंगलवार को गांव में बहुप्रतीक्षित स्टेडियम के समतलीकरण कार्य का शुभारंभ हुआ, जिसका उद्घाटन कलेक्टर कुंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर ग्रामीणों में उत्साह का वातावरण देखा गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर कुंदन कुमार ने कहा कि हथनीकला जैसे छोटे से गांव से जब 100 से अधिक युवा सेना एवं सुरक्षा बलों में देशसेवा कर रहे हैं, तो यह स्थान केवल एक गांव नहीं, बल्कि राष्ट्र को प्रेरणा देने वाली भूमि बन गया है। उन्होंने कहा कि स्टेडियम का निर्माण यहां के युवाओं को खेलों में उत्कृष्टता प्राप्त करने का अवसर देगा और यह उनके सर्वांगीण विकास का माध्यम बनेगा।
उन्होंने युवाओं से अपने समय का रचनात्मक उपयोग करने, सकारात्मक सोच अपनाने तथा समाजसेवा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। साथ ही माता-पिता एवं बुजुर्गों के सम्मान और जरूरतमंदों की मदद को जीवन का मूलमंत्र बताया।
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने रामायण के श्लोकों के माध्यम से युवाओं को जीवन मूल्यों की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि यह स्टेडियम केवल एक खेल का मैदान नहीं, बल्कि एक संस्कारित, नशा मुक्त और अनुशासित स्थल बने — यही गांव और समाज की अपेक्षा है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने भी भाग लिया और गांववासियों को इस पहल की बधाई दी।
अंत में ‘युवा एकता समिति’ द्वारा सभी अतिथियों व सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। हथनीकला का यह प्रयास केवल एक स्टेडियम के निर्माण तक सीमित नहीं, बल्कि यह ग्रामीण चेतना और नवप्रेरणा का प्रतीक बनकर उभरा है। यह सिद्ध करता है कि जब गांव जागते हैं, तब देश प्रगति की ओर बढ़ता है।







