रायपुर। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 3 दिसंबर को होने वाले भारत–दक्षिण अफ्रीका वनडे सीरीज के दूसरे मैच के लिए टिकटों की ऑनलाइन बिक्री शनिवार शाम 5 बजे जैसे ही शुरू हुई, क्रिकेट प्रेमियों ने बेहद उत्साह दिखाया। टिकटों की बुकिंग शुरू होते ही भारी संख्या में लोग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर जुट गए और सिर्फ आधे घंटे में सभी टिकट पूरी तरह सोल्ड आउट हो गए।
रायपुर में अंतरराष्ट्रीय मैच की मेजबानी को लेकर पहले से ही रोमांच का माहौल था, क्योंकि लंबे इंतजार के बाद यहां एक बार फिर वनडे मुकाबला आयोजित होने जा रहा है। स्टेडियम में तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और मैदान को दर्शकों के स्वागत के लिए दुरुस्त किया जा रहा है।
टिकटों की कीमत और कैटेगरी
स्टेडियम प्रशासन ने दर्शकों की सुविधा के लिए टिकटों की पांच कैटेगरी निर्धारित की हैं।
जनरल स्टैंड टिकट : ₹1500 से ₹3500
स्टूडेंट टिकट : ₹800 (एक पहचान पत्र पर एक ही टिकट)
एक ID से अधिकतम 4 टिकट बुकिंग की अनुमति
3 साल से अधिक उम्र के बच्चों के लिए भी टिकट अनिवार्य
स्टूडेंट्स के लिए छूट और बेहतर दर्शक सुविधा को देखते हुए इस बार टिकट व्यवस्था को और सुगम किया गया है।
रायपुर के क्रिकेट प्रेमियों में इस अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर जबरदस्त उत्साह है। आयोजन समिति का कहना है कि जल्द ही स्टेडियम के प्रवेश, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत दिशा–निर्देश भी जारी किए जाएंगे।









