भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की रोमांचक वनडे सीरीज का आगाज आज, 19 अक्टूबर (रविवार) को पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में होने जा रहा है। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 9 बजे से शुरू होगा। इस मैच में भारतीय टीम एक नए अध्याय की शुरुआत करेगी, क्योंकि पहली बार युवा बल्लेबाज शुभमन गिल वनडे टीम की कप्तानी संभालने जा रहे हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया टीम की कमान मिचेल मार्श के हाथों में होगी।
इस मुकाबले की सबसे बड़ी खबर यह है कि भारत के दो अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा लंबे 224 दिनों के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं। दोनों ने आखिरी बार आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में खेला था, जहां उन्होंने भारत को खिताबी जीत दिलाई थी। इसके बाद दोनों खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच से दूर थे, जिससे उनकी गैरमौजूदगी को लेकर कई अटकलें लगाई जा रही थीं।
अब जब दोनों सितारे फिर से टीम में लौट आए हैं, तो भारतीय बल्लेबाजी क्रम को मजबूती मिलने की उम्मीद है। हालांकि, रोहित शर्मा अब स्पेशलिस्ट बल्लेबाज की भूमिका में खेलेंगे, क्योंकि वनडे कप्तानी उनसे लेकर शुभमन गिल को सौंपी गई है।
गौरतलब है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा पहले ही टेस्ट और टी20 क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, और अब दोनों का पूरा ध्यान वनडे प्रारूप पर केंद्रित है। क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें इस बात पर टिकी होंगी कि क्या युवा कप्तान शुभमन गिल के नेतृत्व में टीम इंडिया ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर विजयी आगाज कर पाती है या नहीं।










