खेल । डीवाई पाटिल स्टेडियम में भारत की बेटियों ने क्रिकेट इतिहास का सुनहरा अध्याय लिख दिया। महिला वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल में हरमनप्रीत कौर की अगुआई में भारतीय टीम ने सात बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से मात देकर फाइनल में धमाकेदार एंट्री की।
इस जीत के साथ भारत ने महिला वनडे क्रिकेट में सबसे बड़ा रन चेज कर इतिहास रच दिया। टीम इंडिया ने 300 से ज्यादा के लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत हासिल की — जो विश्व कप के किसी भी नॉकआउट मुकाबले में पहले कभी नहीं हुआ था, न पुरुषों में और न ही महिलाओं में।
इस ऐतिहासिक जीत की नायिका रहीं जेमिमा रोड्रिग्स, जिन्होंने शानदार 127 रन की नाबाद पारी खेली और टीम को विजयी बनाए रखा। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी 89 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
हरमनप्रीत एंड कंपनी के इस प्रदर्शन ने न केवल ऑस्ट्रेलिया जैसी दिग्गज टीम को धराशायी किया बल्कि भारतीय महिला क्रिकेट को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया। अब पूरी दुनिया की निगाहें फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां भारत इतिहास रचने से बस एक कदम दूर है।










