नई दिल्ली । भारतीय टीम इन दिनों ऑस्ट्रेलिया में टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज़ खेल रही है और इसके साथ ही टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियाँ भी जोरों पर हैं। इसी बीच, इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 को लेकर भी हलचल बढ़ गई है। सूत्रों के अनुसार, आगामी सीज़न के लिए खिलाड़ियों की रिटेंशन लिस्ट और मिनी ऑक्शन की संभावित तारीखें लगभग तय मानी जा रही हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सभी फ्रेंचाइज़ियों को अपने रिटेन और रिलीज़ खिलाड़ियों की सूची 15 नवंबर तक सौंपनी होगी। वहीं मिनी ऑक्शन का आयोजन 13 से 15 दिसंबर के बीच किया जा सकता है। हालांकि आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की ओर से इसकी आधिकारिक घोषणा अभी शेष है, लेकिन अधिकांश टीमें इन्हीं तारीखों को ध्यान में रखकर अपनी रणनीति तैयार कर रही हैं।
पिछले दो वर्षों से आईपीएल की नीलामी विदेशों में आयोजित की गई थी — वर्ष 2023 में दुबई और 2024 में जेद्दाह में। इस बार नीलामी के भारत में होने की संभावना सबसे अधिक जताई जा रही है। इस संबंध में अंतिम निर्णय जल्द लिया जा सकता है।
जहां तक टीम संरचना की बात है, इस बार बड़े स्तर पर बदलाव की उम्मीद कम है, लेकिन कुछ फ्रेंचाइज़ियां जैसे चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और राजस्थान रॉयल्स (RR) अपनी टीमों में सुधार करने की योजना बना रही हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, CSK दीपक हुड्डा, विजय शंकर, राहुल त्रिपाठी, सैम करन और डेवोन कॉनवे जैसे कुछ खिलाड़ियों को रिलीज़ कर सकती है। हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं रविचंद्रन अश्विन के संन्यास से टीम के पर्स में लगभग 9.75 करोड़ रुपये जुड़ने की संभावना है।
राजस्थान रॉयल्स के संदर्भ में संजू सैमसन के संभावित ट्रेड को लेकर चर्चा तेज़ है। साथ ही, वानिंदु हसरंगा और महीश तीक्षणा को लेकर भी अटकलें जारी हैं। टीम के कोच कुमार संगकारा के दोबारा पदभार संभालने के बाद टीम की रणनीति में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव देखे जा सकते हैं।
सभी की निगाहें ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन पर टिकी हैं। चोट के कारण वह पिछले ऑक्शन में शामिल नहीं हो पाए थे, लेकिन अब उनकी फिटनेस वापसी के साथ भारी बोली लगने की संभावना जताई जा रही है।
वर्तमान स्थिति में, लगभग सभी टीमें अपने कोर खिलाड़ियों को बरकरार रखते हुए केवल जरूरी पोज़िशन पर बदलाव की रणनीति अपना रही हैं। जैसे-जैसे नवंबर नज़दीक आ रहा है, वैसे-वैसे IPL 2026 की तैयारियाँ रोमांचक मोड़ लेती जा रही हैं और क्रिकेट प्रेमियों की उत्सुकता चरम पर है।










