VACHANNEWS खास रिपोर्ट।
बिलासपुर/तखतपुर। बिलासपुर जिले के विकासखंड तखतपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत डोमनपुर में मुक्ति धाम तक पहुंचने वाले मार्ग और श्मशान भूमि को लेकर विवाद सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि भोज कुमार चंद्राकर द्वारा मुक्ति धाम पहुंच मार्ग एवं संबंधित भूमि पर कब्जा कर लिया गया है। रास्ता बाधित होने के कारण ग्रामीणों को अंतिम संस्कार जैसे संवेदनशील कार्य में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
VACHANNEWS की टीम को यह जानकारी वर्तमान सरपंच (ललिता जयसवाल) पति विजय जायसवाल एवं ग्रामीणों से बातचीत के दौरान प्राप्त हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि मुक्ति धाम तक पहुंचने वाला रास्ता बाधित होने के कारण अंतिम संस्कार के समय गंभीर स्थिति उत्पन्न हो जाती है।

ग्रामीणों के मुताबिक, पूर्व सरपंच के निधन के समय श्मशान घाट तक पहुंचने का रास्ता बंद होने के कारण उनका अंतिम संस्कार निजी खेत में करना पड़ा था। इस घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई और उन्होंने मामले को प्रशासन के संज्ञान में लाने का निर्णय लिया।
तहसीलदार, एसडीएम और पटवारी से शिकायत
ग्रामीणों ने मामले को लेकर तहसीलदार, एसडीएम और पटवारी से शिकायत कर मुक्ति धाम तक पहुंच मार्ग एवं भूमि की जांच कराने तथा कथित कब्जे को हटाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि श्मशान घाट तक पहुंचने वाला रास्ता पूरे गांव के लिए आवश्यक सार्वजनिक मार्ग है और इसे अवरुद्ध नहीं किया जाना चाहिए।

एसडीएम ने दिए जांच और कार्रवाई के निर्देश
मामले को लेकर एसडीएम नीतिन तिवारी ने कहा कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर जल्द कार्रवाई करने तथा समस्या का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
अब ग्रामीणों की नजर प्रशासन की जांच और कार्रवाई पर टिकी है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि मुक्ति धाम तक पहुंच मार्ग को जल्द सुगम कराया जाएगा, ताकि भविष्य में किसी परिवार को अंतिम संस्कार के लिए निजी भूमि का सहारा लेने की स्थिति न बने।







