उत्तराखंड के टिहरी जिले में नरेंद्रनगर के निकट कुंजापुरी मंदिर मार्ग पर सोमवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गुजरात से दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं से भरी एक बस कुंजापुरी–हिंडोलाखाल के बीच अचानक अनियंत्रित होकर करीब 70 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। बस में कुल 29 यात्री सवार थे।
हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हो गई। जिला नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के बाद SDRF वाहिनी नियंत्रण कक्ष को भी अलर्ट किया गया। सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर SDRF की ढालवाला, कोटि कॉलोनी और मुख्यालय से कुल पाँच टीमें तुरंत घटनास्थल पर भेजी गईं।
स्थानीय लोगों ने भी बिना देर किए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। SDRF, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमों ने खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने बताया कि हादसे में 5 लोगों की मौत हुई है, जिनमें चार पुरुष और एक महिला शामिल हैं।
- 3 गंभीर रूप से घायल यात्रियों को AIIMS ऋषिकेश रेफर किया गया है।
- 4 घायलों का इलाज श्रीदेव सुमन उप जिला अस्पताल, नरेंद्रनगर में चल रहा है।
- 17 यात्री सुरक्षित बताए गए हैं।









