रायगढ़/लैलूंगा। स्वराज जयसवाल की विशेष रिपोर्ट।
रायगढ़। रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम भकुर्रा में हुए 23 वर्षीय रामनाथ उर्फ सोनू चौहान की हत्या के मामले में पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतक के दोस्त भुवनेश्वर यादव (26) को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई की रात दोनों दोस्त साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आरोपी ने घर में रखे शील-पत्थर (सिलबट्टे) से सोनू के सिर और गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड ‘रूबी’ की मदद से जांच शुरू की। वैज्ञानिक साक्ष्यों, घटनास्थल से मिले सुराग और लगातार पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। पूछताछ में भुवनेश्वर यादव ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस त्वरित कार्रवाई के साथ रायगढ़ पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाकर बड़ी सफलता हासिल की है।








