महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले के गंगापुर तहसील के नरवाड़ी शिवार में शुक्रवार को BJP युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष गणेश रघुनाथ टेमकर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। टेमकर भालगांव के निवासी थे।
जानकारी के अनुसार, हदियाबाद–नरवाड़ी मार्ग पर नलकांडी पुल के पास स्थानीय सरपंच आसिफ पटेल और गौरव विधाटे को तेज दुर्गंध आने पर झाड़ियों में एक व्यक्ति पड़ा दिखाई दिया। तुरंत गाड़ी मंगवाकर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, मृत्यु कुछ समय पहले ही हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही गंगापुर थाने के पुलिस निरीक्षक कुमारसिंह राठौड़ अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को उपजिला अस्पताल भेजा। मौके से मिले दस्तावेजों और बाद में फैली न्यूज फ्लैश के आधार पर मृतक की पहचान गणेश टेमकर के रूप में हुई। घटना की खबर मिलते ही परिजन और समर्थक बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए।









