जांजगीर-चांपा। पार्थों चक्रवर्ती विशेष रिपोर्ट।
बच्चों को पढ़ाई के लिए करना पड़ता है हाईवे पार, स्वास्थ्य सुविधाओं का भी अभाव — VACHANNEWS के माध्यम से शासन-प्रशासन से सुविधाएं उपलब्ध कराने की अपील
जांजगीर-चांपा। ग्राम पंचायत बिरगहनी ब में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर सरपंच नूतन सूर्य बघेल ने शासन-प्रशासन के समक्ष महत्वपूर्ण मांग उठाई है। उन्होंने VACHANNEWS की टीम को जानकारी देते हुए ग्राम पंचायत में हाई स्कूल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और पंचायत भवन की स्थापना की मांग की है।
हाई स्कूल नहीं होने से बच्चों की सुरक्षा पर सवाल
सरपंच नूतन सूर्य बघेल ने बताया कि ग्राम पंचायत बिरगहनी ब में हाई स्कूल नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए बलौदा जाना पड़ता है। इसके लिए बच्चों को हाईवे रोड पार करना पड़ता है, जहां तेज रफ्तार से बड़ी गाड़ियों का आवागमन होता है।
ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। सरपंच ने कहा कि गांव में ही हाई स्कूल की सुविधा उपलब्ध होने से बच्चों को दूर नहीं जाना पड़ेगा और उनकी पढ़ाई के साथ सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सकेगी।
स्वास्थ्य केंद्र नहीं, ग्रामीणों को परेशानी
ग्राम पंचायत में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नहीं होने से ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अन्य स्थानों पर निर्भर रहना पड़ता है। सरपंच ने मांग की है कि गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की जाए, ताकि ग्रामीणों को समय पर इलाज और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
पंचायत भवन की भी उठी मांग
सरपंच नूतन सूर्य बघेल ने ग्राम पंचायत में पंचायत भवन निर्माण की आवश्यकता भी बताई है। पंचायत भवन के माध्यम से ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं, पंचायत संबंधी कार्यों और विकास गतिविधियों से जुड़ी सुविधाएं बेहतर तरीके से उपलब्ध हो सकेंगी।
शासन-प्रशासन से विकास कार्यों की अपील
सरपंच ने VACHANNEWS के माध्यम से शासन-प्रशासन से मांग की है कि ग्राम पंचायत बिरगहनी ब में हाई स्कूल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और पंचायत भवन की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक पहल की जाए।
ग्रामीणों की इन मांगों पर शासन-प्रशासन की पहल से गांव में शिक्षा, स्वास्थ्य और पंचायत व्यवस्था को मजबूती मिल सकती है।





