रायगढ़/कोसमनारा। विशेष रिपोर्ट।
रायगढ़/कोसमनारा। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रायगढ़ जिले के आस्था के प्रमुख केंद्र श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा धाम, कोसमनारा पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूरे छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उनके साथ प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना के बाद प्रदेशवासियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “गुरु ही जीवन को सही राह दिखाते हैं। उनका आशीर्वाद इंसान को आत्मबल, सकारात्मक सोच और सफलता की दिशा देता है।” उन्होंने कहा कि कोसमनारा का सत्यनारायण बाबा धाम केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि लाखों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का केंद्र है, जहां की आध्यात्मिक ऊर्जा हर किसी को नई प्रेरणा देती है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि उनकी सरकार गुरुजनों के आशीर्वाद और जनता के विश्वास के साथ जनकल्याण के कार्यों को लगातार आगे बढ़ा रही है। सरकार का लक्ष्य है कि विकास की हर योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और छत्तीसगढ़ विकास की नई ऊंचाइयों को छुए।

इस दौरान रायगढ़ नगर निगम के महापौर जीवर्धन चौहान, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी उपस्थित रहे। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बाबा धाम में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का विशेष माहौल देखने को मिला।








