रायपुर/छत्तीसगढ़। विशेष रिपोर्ट।
तिल्दा-नेवरा। छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के तिल्दा-नेवरा विकासखंड अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र स्थित अल्ट्राटेक बैकुंठ सीमेंट में श्रावण मास के अंतिम सोमवार के अवसर पर धार्मिक आस्था और भक्ति का भव्य संगम देखने को मिला। यहां स्थित सुप्रसिद्ध श्रीहनुमान मंदिर परिसर में विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रीशिव रूद्रमहाभिषेक, हवन एवं पूजन का आयोजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठान के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए भव्य भोग-भंडारे का आयोजन भी किया गया।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पं. केशरी लाल तिवारी एवं पं. मनोज तिवारी ने श्रीशिव रूद्रमहाभिषेक एवं हवन-पूजन संपन्न कराया। इस दौरान यूनिट हेड श्री कुलकर्णी जी सपत्नीक उपस्थित रहे। वहीं एफएच श्री राजीव सिंघल, श्री सुनंदा बाशु, श्री ए.के. सिन्हा, विवेक बघेल, अशोक मिश्रा एवं अभिषेक तेवतिया सहित कई अधिकारी एवं गणमान्य लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।
रिमझिम बारिश के बीच भी उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
पूजन के दौरान रिमझिम बारिश की फुहारें पड़ती रहीं, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं आई। अल्ट्राटेक बैकुंठ के अधिकारी-कर्मचारी, कॉलोनीवासी एवं आसपास के अंचल से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बड़ी श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया। दिनभर मंदिर परिसर में दर्शन एवं पूजन के लिए श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते पूरा परिसर भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर नजर आया।
शिवभक्तों के लिए भव्य भोग-भंडारे का आयोजन
श्रीशिव हवन-पूजन के पश्चात प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार श्रीबैकुंठेश्वर मंदिर समिति एवं शिवभक्तों के सौजन्य से भव्य भोग-भंडारे का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में उमड़ी भीड़ इतनी अधिक रही कि कई लोगों को अपनी बारी के लिए कुछ समय तक इंतजार करना पड़ा। इसके बावजूद श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का भाव बना रहा।
इनका रहा विशेष योगदान
कार्यक्रम को सफल बनाने में अशोक मिश्रा, गिरिराज शंकर मिश्रा, राजेन्द्र कुमार साहू, गुरुदयाल साहू एवं पं. कैलाश तिवारी सहित अनेक लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं भोग-भंडारे के वितरण में कामेश्वर प्रसाद, ईश्वर प्रसाद, ईश्वरराव, उत्तम सिंह, रामकुमार ध्रुव सहित अनेक शिवभक्तों ने प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग प्रदान किया।
धार्मिक आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में गूंजते ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। आयोजन ने एक बार फिर अल्ट्राटेक बैकुंठ परिसर को आस्था, सेवा और सामाजिक एकजुटता का केंद्र बना दिया।









