बिलासपुर : सरस्वती शिशु मंदिर, तिलक नगर में वनवासी विकास द्वारा संचालित ग्रीष्मकालीन शिविर के अंतर्गत बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए दिनांक 20 मई 2025 को दो दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 84 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाएं प्रदान की गईं।
शिविर में कार्तिक साहू मेमोरियल अस्पताल, सरकंडा के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. के.के. साव द्वारा सभी बच्चों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके साथ ही यूनिटी हॉस्पिटल और ट्रॉमा केयर अस्पताल से दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. दिव्या साव और डॉ. अंकुर ठकराल, तथा कोस्मे केयर, जरहाभाटा मंदिर चौक से चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपिका साहू और उनकी सहायक प्रतिमा व रिंकी सोनवानी ने बच्चों की चिकित्सकीय जांच कर आवश्यक परामर्श और दवाइयां प्रदान कीं।
शिविर का आयोजन वनवासी विकास के सक्रिय कार्यकर्ता श्री निर्मल कुमार घोष एवं श्रीमती शेफाली घोष द्वारा किया गया। आयोजन के दौरान श्री भुवन सिंह राज, रेखा काले, छाया ठकराल, छाया जैन, रामकली तिवारी, पार्वती साहू, पूनम पांडे और राजेश पांडे सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया।
शिविर के माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का समय पर निदान हुआ, जिससे अभिभावकों में संतोष और प्रसन्नता का माहौल रहा। कार्यक्रम ने समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय पहल की है।








