कोरबा (छत्तीसगढ़) : राज्य का सबसे बड़ा हसदेव बांगो बांध इस समय ऐतिहासिक जल संकट से गुजर रहा है। निर्माण के 33 वर्षों बाद पहली बार बांध का जलस्तर खतररे के निशान से दो मीटर नीचे चला गया है, जिससे आगामी खरीफ सीजन में सिंचाई को लेकर गहरी चिंता जताई जा रही है।
जलस्तर केवल 26% पर
सिंचाई विभाग के एसडीओ पी.के. टोप्पो ने बताया कि वर्ष 1992 में स्थापित यह बांध आज तक कभी भी 40% से कम भराव स्तर पर नहीं गया था, लेकिन वर्तमान में जलस्तर 343.48 मीटर तक गिर गया है। बांध में अब केवल 757.17 मिलियन घन मीटर पानी शेष है, जो इसकी कुल क्षमता का महज 26.16% है।
जरूरत से ज़्यादा पानी छोड़ने पर उठे सवाल
स्थानीय जल विशेषज्ञ तरुण मिश्रा के अनुसार, बांगो बांध कोरबा, जांजगीर, शक्ति और रायगढ़ जिलों की कृषि और उद्योग के लिए जीवनरेखा है। इसके पानी से लगभग 2.47 लाख हेक्टेयर भूमि की सिंचाई होती है। लेकिन इस बार बांध के 11 गेटों के नीचे जलस्तर पहुंच गया है, जिससे अब आवश्यकता पड़ने पर भी पानी छोड़ना संभव नहीं है। विशेषज्ञों का मानना है कि हाल के महीनों में जरूरत से ज्यादा पानी छोड़ना इस संकट का मुख्य कारण हो सकता है।
किसानों की बढ़ी चिंता, सरकार से त्वरित कदमों की मांग
जलस्तर में इस असामान्य गिरावट ने सिंचाई विभाग को भी चिंता में डाल दिया है। खरीफ सीजन की तैयारी शुरू हो चुकी है और अगर मानसून कमजोर रहा तो पानी की कमी से तीन प्रमुख जिलों के किसानों को गंभीर नुकसान हो सकता है। इस स्थिति में सरकार और संबंधित विभागों से तत्काल वैकल्पिक योजनाएं बनाने और जल प्रबंधन में सुधार की मांग की जा रही है।
क्या होगा आगे?
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए किसानों और विशेषज्ञों का मानना है कि यदि समय रहते जल संरक्षण और वितरण की सटीक रणनीति नहीं बनाई गई, तो प्रदेश को एक बड़े सूखे संकट का सामना करना पड़ सकता है।







