कोरबा/पोड़ी उपरोड़ा । किसानों की आय बढ़ाने और तिलहन उत्पादन को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा राष्ट्रीय खाद्य तिलहन मिशन योजना के तहत ग्राम पंचायत घोसरा में निशुल्क उन्नत मिनी सरसों बीज का वितरण किया गया। कार्यक्रम में करीब चार दर्जन किसानों को प्रति एकड़ दो किलो की दर से बीज वितरित किए गए।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य विद्वान सिंह मरकाम और जनपद सदस्य एवं मत्स्य–पशुपालन सभापति भारत सिंह सिदार विशेष रूप से उपस्थित रहे। बीज वितरण पाकर किसानों के चेहरों पर उत्साह और संतोष झलक उठा।
ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी मनीष डिक्सेना ने उपस्थित किसानों को शासन की विभिन्न कृषक हितैषी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तिलहन फसलों का रकबा बढ़ाकर आयात पर निर्भरता कम करना और किसानों की आय में वृद्धि करना शासन का प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यालयीन शाखा प्रभारी धर्मेंद्र तंवर ने उन्नत किस्म के सरसों बीज की पैदावार, बोआई विधि और वैज्ञानिक तरीके से खेती करने के लाभों पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में जिला पंचायत सदस्य विद्वान सिंह मरकाम ने कहा कि बीज वितरण पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत किया जा रहा है। पात्र किसानों को प्राथमिकता दी जा रही है ताकि अधिक से अधिक किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके। उन्होंने किसानों से शासन की अन्य कृषि योजनाओं का भी लाभ उठाने की अपील की।









