कोरबा। जिले में रविवार देर रात एक शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, कुसमुंडा थाना क्षेत्र के गेवरा रोड रेलवे स्टेशन के पास दीपका स्थित बीकन इंग्लिश स्कूल में कार्यरत शिक्षक का शव रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। मृतक की पहचान 50 वर्षीय संतोष नायर निवासी ऊर्जा नगर, दीपका के रूप में हुई है। वे मूल रूप से केरल के रहने वाले थे और करीब दो वर्ष पहले कोरबा आए थे।
घटना की सूचना मिलने पर स्टेशन मास्टर ने तत्काल रेल पुलिस और स्थानीय थाना को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान शव के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया, जो पैटर्न लॉक होने के कारण अभी अनलॉक नहीं हो सका है। पुलिस का मानना है कि मृतक ने संभवतः मौत से पहले किसी से बातचीत की होगी।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर परिजनों के बयान लिए हैं और मोबाइल डेटा अनलॉक कर आगे की जांच की तैयारी कर रही है। प्रारंभिक रूप से यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि घटना आत्महत्या थी या किसी अन्य वजह से हुई। कुसमुंडा थाना पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।









