ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। ग्वालियर-झांसी हाईवे पर तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ गई, जिसमें कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से रस्साकसी व कटर मशीन की सहायता से कार में फंसे शवों को बाहर निकाला।
कैसे हुआ हादसा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फॉर्च्यूनर (एमपी 07 सीजी 9006) झांसी की ओर से ग्वालियर आ रही थी। सुबह करीब 6:30 बजे वाहन जैसे ही मालवा कॉलेज के सामने पहुंचा, तभी मोड़ से रेत से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक सड़क पर आ गई। फॉर्च्यूनर तेज रफ्तार में होने के कारण चालक गाड़ी को नियंत्रित नहीं कर सका और कार सीधे ट्रॉली के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी का आधा हिस्सा ट्रॉली के नीचे दब गया और कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
मौके पर ही हुई पांचों की मौत
भीषण टक्कर में कार सवार सभी पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। शव बुरी तरह ट्रॉली और कार के बीच फंसे हुए थे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कटर की सहायता से वाहन को काटकर शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पहचान में जुटी पुलिस
हादसे में मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस की टीम दस्तावेजों और नंबर प्लेट के आधार पर मृतकों की पहचान करने में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि कार सवार किस दिशा से आ रहे थे और हादसे के कारणों में कहीं लापरवाही या ओवरलोड ट्रॉली की भूमिका तो नहीं है।










