भोपाल। आगामी 16 जून को आयोजित होने वाले शाला प्रवेश उत्सव को लेकर शिक्षा विभाग ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। शिक्षा सचिव ने सभी जिलों के कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ, संयुक्त संचालक, डीईओ और बीईओ को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि 10 जून तक उत्सव से जुड़ी सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली जाएँ।

शिक्षा सचिव ने यह भी निर्देशित किया है कि शाला प्रवेश के पूर्व शिक्षकों से जुड़े लंबित प्रकरणों का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। इसके लिए ज़िला और विकासखंड स्तर पर विशेष शिविर आयोजित करने को कहा गया है।

शाला प्रारंभ होने के पश्चात संयुक्त संचालक, डीईओ, बीईओ, प्राचार्य डायट, एबीईओ और अन्य संबंधित अधिकारी स्कूलों का निरीक्षण करेंगे ताकि शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता और तैयारियों का मूल्यांकन किया जा सके।
शिक्षा विभाग की इस पहल का उद्देश्य शैक्षणिक सत्र की सुचारू शुरुआत सुनिश्चित करना और बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण प्रदान करना है।







