कोरबा/पाली। पाली थाना क्षेत्र में तैनात दो पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली इन दिनों क्षेत्रवासियों में गहरी नाराजगी का कारण बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सहायक उप निरीक्षक अशोक खांडेकर और आरक्षक अनिल कुमार कुर्रे अवैध वसूली और शराब कारोबार में कमीशनखोरी कर वर्दी की छवि धूमिल कर रहे हैं।
लोगों का कहना है कि रात-बेरात हेलमेट चेकिंग और सुबह-सुबह अल्कोहल टेस्टिंग के नाम पर पुलिसकर्मी वाहन रोककर जबरन वसूली करते हैं। यही नहीं, अधिकारियों और पत्रकारों तक की गाड़ियां रोककर पैसों की मांग करना इनके लिए आम बात हो गई है।
सूत्रों का दावा है कि एएसआई खांडेकर खुलेआम कहते हैं – “मैं किसी का नौकर नहीं, यहां तक कि एसपी का भी गुलाम नहीं।” वहीं आरक्षक कुर्रे पुलिस की वीआईपी जीप में घूमते हुए खुद को बड़े अफसरों से भी ज्यादा ताकतवर बताने से नहीं चूकते।
जिले में पुलिस की मनमानी पर रोक लगाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों ने कई कदम उठाए हैं, लेकिन पाली थाना में इन दोनों कर्मियों की हरकतों से पुलिस की साख पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोग उम्मीद कर रहे हैं कि जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इस मामले में संज्ञान लेकर कड़ी कार्रवाई करेंगे।









