बिलासपुर। राष्ट्रीय स्वाभिमान मंच द्वारा भारतीय सेना की वीरता, सम्मान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक “सिंदूर शौर्य शोभा यात्रा” का आयोजन 24 मई दिन शनिवार को भव्य रूप में किया गया। यह यात्रा लाल बहादुर शास्त्री चौक से प्रारंभ होकर सीएमडी चौक तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में आम नागरिक, पूर्व सैनिक, सैनिक परिवार, सामाजिक संगठन और मातृशक्ति शामिल हुई।
इस विशेष अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री श्री तोखन साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने सीएमडी चौक स्थित शहीद स्मारक पर पहुंचकर भारत माता के अमर सपूतों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए और उनके बलिदान को नमन किया।
मंत्री साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर” भारतीय सेवा की शौर्य गाथा और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस अभियान की सफलता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्णायक नेतृत्व, कूटनीतिक रणनीति और राष्ट्र सर्वोपरि की नीति की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, जिसने भारत को एक सशक्त राष्ट्र के रूप में विश्वपटल पर स्थापित किया है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ विधायक श्री धरमलाल कौशिक, पूर्व महापौर श्री किशोर राय, वर्तमान महापौर श्रीमती पूजा विधानी, भाजपा नेता श्री दीपक सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस आयोजन ने राष्ट्रप्रेम, एकता और भारतीय सैनिकों के सम्मान की भावना को प्रबल किया, साथ ही समाज के हर वर्ग से उत्साहजनक भागीदारी प्राप्त कर एक अनुकरणीय मिसाल पेश की।







