सक्ती। विशेष रिपोर्ट।
छत्तीसगढ़/सक्ती। 11 सितंबर 2026। प्रकृति संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने और मातृ सम्मान की भावना को पर्यावरण संरक्षण के संकल्प से जोड़ते हुए केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान एवं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सक्ती जिले के ग्राम जेठा स्थित कॉलेज ग्राउंड में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण किया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कदम का पौधा रोपित किया, जबकि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बादाम का पौधा लगाकर हरियाली विस्तार और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी प्रकृति संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

मातृ सम्मान से जुड़ा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह माँ के प्रति सम्मान, प्रेम और कृतज्ञता की भावना को प्रकृति की सेवा से जोड़ने वाली प्रेरक पहल है। अभियान के माध्यम से नागरिकों को अपनी माँ के सम्मान में पौधा लगाने तथा उसकी नियमित देखभाल कर उसे एक हरे-भरे वृक्ष के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
पौधरोपण के साथ पौधों के संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी निभाना इस अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। यही भावना पर्यावरण संरक्षण को स्थायी और प्रभावी बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभाती है।
जनभागीदारी से बनेगा हरियाली का जनआंदोलन
पर्यावरण संरक्षण को केवल सरकारी प्रयासों तक सीमित न रखते हुए जनभागीदारी का व्यापक स्वरूप देने की दिशा में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान महत्वपूर्ण पहल है। अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता से हरियाली बढ़ाने, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण तैयार करने का संदेश दिया जा रहा है।
सक्ती जिले के जेठा में केंद्रीय मंत्री श्री चौहान और मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा किया गया पौधरोपण इसी सामूहिक जिम्मेदारी और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का प्रतीक बना। इस पहल से लोगों को अपने जीवन में पौधरोपण और पौधों की देखभाल को महत्वपूर्ण स्थान देने की प्रेरणा मिली।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, जांजगीर-चांपा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, बिलासपुर संभागायुक्त श्री सुनील जैन, विकसित भारत जीरामजी के आयुक्त श्री तारण प्रकाश सिन्हा, कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन, पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
माँ के सम्मान में लगाएं एक पौधा, पर्यावरण संरक्षण में निभाएं अपनी जिम्मेदारी।







