बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और ‘ही-मैन’ कहलाने वाले धर्मेंद्र का सोमवार को उनके मुंबई स्थित आवास पर निधन हो गया। हाल ही में वे ब्रीच कैंडी अस्पताल से 12 नवंबर को डिस्चार्ज होकर घर लौटे थे, जहां डॉक्टरों और नर्सों की निगरानी में उनका उपचार जारी था। सोमवार सुबह उनके बंगले के बाहर दिखी एंबुलेंस ने फैंस की चिंता बढ़ा दी थी, जिसके बाद आई दुखद खबर ने पूरे देश को शोक में डुबो दिया।
अंतिम विदाई देने पहुंचे सितारे
धर्मेंद्र को अंतिम श्रद्धांजलि देने बॉलीवुड के कई बड़े सितारे उनके घर पहुंचे। उनके करीबी दोस्त अमिताभ बच्चन भी भावुक मन से अंतिम दर्शन के लिए आए। फिल्म ‘शोले’ में जय-वीरू के रूप में दिखी उनकी दोस्ती असल जिंदगी में भी उतनी ही गहरी थी। आज वही दोस्ती हमेशा के लिए बिछड़ गई।
इसके अलावा आमिर खान, अगस्त्य नंदा और उनकी बेटी ईशा देओल सहित कई सितारे पहुंचकर अपने प्रिय धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
करण जौहर ने भावुक पोस्ट में दी जानकारी
फिल्ममेकर करण जौहर ने सोशल मीडिया पर धर्मेंद्र के निधन की पुष्टि करते हुए उन्हें सिनेमा का “ERA” बताया। उन्होंने लिखा—
“एक मेगास्टार, इंडियन सिनेमा का असली लेजेंड, सबसे पॉजिटिव और दयालु इंसान… आज इंडस्ट्री ने अपना अनमोल रत्न खो दिया। उनका स्नेह, उनका आशीर्वाद और उनकी मुस्कान कभी भूली नहीं जा सकेगी।”
धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म
संयोग से आज ही उनकी आने वाली फिल्म ‘इक्कीस’ का पोस्टर जारी किया गया था, जिसमें वे अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा और जयदीप अहलावत के साथ नज़र आने वाले थे।
65 साल का शानदार सफर
8 दिसंबर 1935 को जन्मे धर्मेंद्र ने अपने 65 वर्ष लंबे करियर में 300 से अधिक फिल्मों में काम किया। ‘शोले’, ‘सीता औरगीता’, ‘चुपके-चुपके’, ‘धरम वीर’ जैसी अनगिनत सुपरहिट फिल्मों से उन्होंने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई।
हिंदी सिनेमा में सबसे ज्यादा सफल फिल्मों में अभिनय करने का रिकॉर्ड भी उन्हीं के नाम है।









