दिसंबर के शुरू होते ही बॉक्स ऑफिस पर बॉलीवुड की मल्टी स्टारर मूवी धुरंधर का दर्शकों के बीच जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। थिएटर से बाहर निकल रहे लोग सोशल मीडिया पर फिल्म की माउथ पब्लिसिटी कर रहे हैं, जिसका असर बॉक्स ऑफिस पर देखने को मिल रहा है। फिल्म कमाई के रिकॉर्ड तोड़ रही है।
दूसरी ओर नवंबर की लास्ट में रिलीज हुई धनुष और कृति सेनन की फिल्म ‘तेरे इश्क में’ की कमाई में गिरावट साफ दिख रही है। ‘धुरंधर’ के आते ही ‘तेरे इश्क में’ के बिजनेस को जबरदस्त झटका लगा है। भीड़, हाइप और स्टोरीलाइन के जोर पर ‘धुरंधर’ की कमाई तूफानी रफ्तार से बढ़ती जा रही है, जबकि दूसरी फिल्म को अब टिकट खिड़की पर टिके रहने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
‘धुरंधर’ का बॉक्स ऑफिस पर तूफानी धमाका
आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर’ रिलीज के पहले दिन से ही दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रही है। रणवीर सिंह, संजय दत्त, आर माधवन, अर्जुन रामपाल और अक्षय खन्ना जैसे दिग्गज कलाकारों से सजी इस फिल्म ने पहले दिन 28 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, लेकिन यह उम्मीद से कम ही था। शनिवार को इसने शुक्रवार से ज्यादा कमाई की, जो कि 32 करोड़ रुपये रहा। रविवार को 43 करोड़ की धमाकेदार कमाई की।
तीन दिनों में ही यह फिल्म 100 करोड़ क्लब में शामिल हो गई। सोमवार को भले ही गिरावट आई, लेकिन कलेक्शन 23.25 करोड़ रहा, जो कि पहले दिन के आसपास रहा। मंगलवार को फिल्म ने फिर रफ्तार पकड़ी और 25.50 करोड़ रुपये की कमाई की। 5 दिनों में फिल्म ने 152.75 करोड़ रुपये की कुल कलेक्शन किया है।
‘तेरे इश्क में’ की कमाई हुई धीमी
धनुष और कृति सेनन स्टारर ‘तेरे इश्क में’ ने पहले हफ्ते शानदार प्रदर्शन किया। 16 करोड़ की ओपनिंग लेने वाली इस फिल्म ने पहले हफ्ते में 83.65 करोड़ कमाए। दूसरे सोमवार को 2.4 करोड़ का कलेक्शन रहा। दूसरे मंगलवार को 2.85 करोड़ का कलेक्शन किया। 12 दिनों की कुल कमाई 105.25 करोड़ रुपये रहा है। फिल्म के कलेक्शन पर ‘धुरंधर’ की एंट्री का असर हुआ है। अब फिल्म को दूसरे हफ्ते में टिके रहने के लिए और जोर लगाना होगा।










