छत्तीसगढ़ सरकार ने हाल ही में स्कूल शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी व गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से राज्यभर में स्कूलों और शिक्षकों का युक्तियुक्तकरण (तर्कसंगत समायोजन) प्रारंभ किया है। इस प्रक्रिया को लेकर कुछ संगठनों और व्यक्तियों द्वारा स्कूलों के बड़े पैमाने पर बंद होने की अफवाहें फैलाई जा रही थीं, जिनका शिक्षा विभाग ने खंडन करते हुए इन्हें पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन बताया है।
विभाग का कहना है कि राज्य में कुल 10,463 स्कूल संचालित हो रहे हैं, जिनमें से केवल 166 स्कूलों का समायोजन किया जा रहा है। इनमें 133 स्कूल ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं, जहां छात्रों की संख्या 10 से कम है और एक किलोमीटर के दायरे में ही अन्य स्कूल उपलब्ध हैं। इसी प्रकार शहरी क्षेत्रों के 33 स्कूलों में छात्र संख्या 30 से कम है और 500 मीटर के भीतर दूसरा स्कूल मौजूद है। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए, इन स्कूलों को पास के स्कूलों में समायोजित किया जा रहा है ताकि संसाधनों और शिक्षकों का बेहतर उपयोग हो सके।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह समायोजन किसी भी दृष्टि से स्कूलों को “बंद” करना नहीं है, बल्कि शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने की दिशा में एक आवश्यक और रणनीतिक कदम है। समायोजित स्कूलों के भवनों का उपयोग अन्य शैक्षणिक या प्रशासनिक कार्यों के लिए जारी रहेगा और जरूरत के अनुसार वहां शिक्षक भी उपलब्ध रहेंगे।
राज्य सरकार की इस पहल का प्रमुख उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर बच्चे को अच्छी शिक्षा मिले, बेहतर शिक्षण माहौल उपलब्ध हो, और शिक्षक विषय विशेषज्ञ हों। समायोजन के पश्चात छात्रों को पुस्तकालय, प्रयोगशाला, कंप्यूटर जैसी सुविधाएं अधिक सुलभ होंगी, जिससे उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार आएगा।
सरकार इस बात पर जोर दे रही है कि यह केवल एक प्रशासनिक कदम नहीं, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में एक परिवर्तनकारी पहल है। शिक्षा विभाग ने जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और इस सुधारात्मक प्रक्रिया को सकारात्मक दृष्टिकोण से देखें। यह कदम आने वाली पीढ़ियों के लिए मजबूत शैक्षणिक आधार तैयार करेगा और प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को एक नई दिशा देगा।







