बिलासपुर। स्वराज जयसवाल की विशेष रिपोर्ट।
बिलासपुर। नेहरू नगर स्थित साप्ताहिक सब्जी बाजार में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब करेला खरीद रहे एक युवक पर करेलों के ढेर में छिपे जहरीले कोबरा ने अचानक हमला कर दिया। घटना से पूरे बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे।

जानकारी के अनुसार, बहतराई निवासी बिहारी साहू रविवार को सब्जी खरीदने बाजार पहुंचे थे। वह एक दुकान पर करेला चुन रहे थे, तभी करेलों के ढेर में छिपा कोबरा फन फैलाकर बाहर निकला और उनकी बाईं हाथ की उंगली पर डस लिया।

सांप के डसते ही बिहारी साहू दर्द से चीख पड़े। उनकी चीख सुनकर आसपास मौजूद दुकानदार और ग्राहक तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला और बिना देर किए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। राहत की बात यह है कि समय पर इलाज मिलने से उनकी हालत फिलहाल स्थिर और नियंत्रण में बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बरसात के मौसम में सांपों के निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, लेकिन सब्जियों के ढेर में छिपे कोबरा के अचानक निकलकर हमला करने की घटना ने सभी को हैरान कर दिया। घटना के बाद कई दुकानदारों ने अपनी-अपनी सब्जियों और बोरियों की जांच की, जबकि कुछ समय तक बाजार में भय और दहशत का माहौल बना रहा।
बरसात में रहें सतर्क
विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश के मौसम में सांप सूखी और सुरक्षित जगहों की तलाश में सब्जियों, लकड़ियों, घास, बोरियों और अन्य सामान के ढेर में छिप सकते हैं। ऐसे में खरीदारी या सामान उठाने से पहले अच्छी तरह जांच करना बेहद जरूरी है।
Vachannews की अपील:
बरसात के दिनों में सतर्क रहें, किसी भी संदिग्ध स्थान पर बिना देखे हाथ न डालें और सांप के काटने की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचें। यही जीवन बचाने का सबसे प्रभावी उपाय है।









