सालों के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपना सपना साकार कर लिया है। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में टीम इंडिया ने आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 52 रनों से मात देकर विश्व चैंपियन का ताज अपने नाम कर लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने दमदार प्रदर्शन किया और 299 रनों का विशाल लक्ष्य खड़ा किया। जवाब में साउथ अफ्रीकी टीम 246 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस ऐतिहासिक जीत में भारतीय टीम की पांच खिलाड़ियों ने अहम भूमिका निभाई।
शेफाली वर्मा ने 78 गेंदों में 87 रनों की विस्फोटक पारी खेली और गेंदबाजी में भी दो विकेट लेकर ऑलराउंड प्रदर्शन किया। वहीं, प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहीं दीप्ति शर्मा ने 58 रनों की पारी के साथ शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके। स्मृति मंधाना ने शेफाली के साथ मिलकर 45 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलते हुए टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। विकेटकीपर ऋषा घोष ने भी 24 गेंदों पर 34 रनों की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम ने न केवल फाइनल में जीत हासिल की बल्कि पूरे टूर्नामेंट में अपने खेल से दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया।









