भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी पांच मैचों की टी20 सीरीज अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी है। सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला शनिवार, 8 नवंबर को ब्रिस्बेन के गाबा मैदान में खेला जाएगा। पिछले मुकाबले में टीम इंडिया ने दमदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 48 रनों से हराया था और सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली थी। अब भारत इस मैच में जीत दर्ज कर सीरीज पर कब्जा जमाने के इरादे से मैदान में उतरेगा। वहीं कंगारू टीम सीरीज को 2-2 से बराबरी करने के लिए पूरी ताकत झोंकेगी।
प्लेइंग XI में बदलाव की उम्मीद कम
चौथे मैच में भारतीय बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों ने शानदार प्रदर्शन किया था। ऐसे में कप्तान सूर्यकुमार यादव और टीम के मुख्य सलाहकार गौतम गंभीर विजयी संयोजन में बदलाव करने के मूड में नहीं दिख रहे। माना जा रहा है कि भारत उसी प्लेइंग XI के साथ उतरेगा जिसने पिछले मैच में जीत दिलाई थी।
टीम इंडिया का लक्ष्य — सीरीज अपने नाम करना
भारत ने पिछली दो मैचों में बेहतरीन वापसी करते हुए बढ़त बनाई है। अब टीम का मकसद गाबा में भी अपनी लय बरकरार रखते हुए सीरीज को 3-1 से अपने नाम करना होगा। दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया इस मैच को जीतकर सीरीज को बराबरी पर खत्म करने की कोशिश करेगा, जिससे मुकाबला और रोचक होने की पूरी उम्मीद है।










