बिलासपुर। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली में गड़बड़ी की शिकायतों पर खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार उचित मूल्य दुकानों को निलंबित कर दिया है। गरीबों के हक के राशन में की जा रही चोरी की जानकारी मिलते ही विभाग ने मौके पर भौतिक सत्यापन कर भारी अनियमितताओं का खुलासा किया।
जांच के दौरान बिरकोना स्थित सेवा सहकारी समिति द्वारा संचालित दुकान में विक्रेता दिनेश यादव द्वारा 109.27 किलो चावल की गड़बड़ी पाई गई, जिसकी अनुमानित कीमत 4.58 लाख रुपये आंकी गई है। इसी तरह, नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 46, गणेश नगर स्थित उपभोक्ता भंडार में 78.78 क्विंटल चावल और 1.01 क्विंटल शक्कर कम पाया गया, जिसकी बाजार कीमत लगभग 3.35 लाख रुपये है।
खाद्य नियंत्रक बिलासपुर ने बताया कि जनहित की योजनाओं में भ्रष्टाचार और लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित दुकानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और आगे की जांच प्रक्रिया जारी है। विभाग ने अन्य राशन दुकानों की भी निगरानी बढ़ा दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।








