बिलासपुर छत्तीसगढ़ – छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के बिलासपुर क्षेत्रीय मुख्यालय, तिफरा में आज एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कार्यपालक निदेशक ए.के. अम्बस्ट ने की, जिसमें बिजली आपूर्ति को लेकर कई अहम फैसले लिए गए।
बैठक में बिलासपुर नगर वृत्त के अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता और सहायक अभियंता शामिल हुए। श्री अम्बस्ट ने ग्रीष्मकाल के इस चुनौतीपूर्ण समय में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने फेल हो चुके ट्रांसफार्मरों की तत्काल मरम्मत, 33/11 केवी व एलटी लाइन में आ रही तकनीकी समस्याओं के समाधान और विद्युत उपकरणों की मरम्मत की प्रक्रिया में तेजी लाने पर बल दिया।
ईडी ने सख्ती दिखाते हुए निर्देशित किया कि सभी सहायक अभियंता (AE) और जूनियर इंजीनियर (JE) कार्यालय में समय पर उपस्थित रहें और उपभोक्ता शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। इसके साथ ही अधीक्षण अभियंता एवं कार्यपालन अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्रों की सतत निगरानी के निर्देश भी दिए गए।
इस बैठक में अधीक्षण अभियंता पी.आर. साहू, कार्यपालन अभियंता सैय्यद मुख्तार, एच.के. चंद्रा सहित शहर के सभी सहायक अभियंता मौजूद रहे।
अब विभागीय अमले की जवाबदेही तय कर दी गई है। आने वाले दिनों में देखा जाएगा कि इन निर्देशों का असर बिजली व्यवस्था पर कितना सकारात्मक पड़ता है और उपभोक्ताओं को कितनी राहत मिलती है।








