सरगुजा/अंबिकापुर। सुमर दास की विशेष रिपोर्ट।
सरगुजा/अंबिकापुर। 15/08/2026 स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर ग्राम पंचायत बरगई में हर्षोल्लास और देशभक्ति के साथ 15 अगस्त का राष्ट्रीय पर्व मनाया गया। ग्राम पंचायत भवन में सरपंच निर्जला सिंह ने विधिवत ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। पंचायत भवन और शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बरगई नजदीक होने के कारण विद्यालय के बच्चे एवं समस्त स्कूल स्टॉफ भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

ध्वजारोहण के पश्चात बच्चों, शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने तिरंगा रैली निकाली। देशभक्ति के नारों और हाथों में लहराते तिरंगे के साथ निकली रैली ने पूरे ग्राम में राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। रैली के बाद शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बरगई के प्रांगण में ग्राम बरगई के वरिष्ठ नागरिक एवं पूर्व स्कूल अध्यक्ष श्री राम सेवक जी द्वारा ध्वजारोहण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने 15 अगस्त 1947 को भारत को मिली आजादी के ऐतिहासिक महत्व पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डालते हुए स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को समझने का भी दिन है।

इसके बाद विद्यालय के बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित ग्रामीणों एवं अतिथियों ने खूब सराहा। बच्चों की प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति और उत्साह से भर दिया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सरपंच निर्जला सिंह, मंडल उपाध्यक्ष सुमर दास, महिला मोर्चा उपाध्यक्ष देवमुनी सिंह, स्कूल अध्यक्ष सागर दास, पूर्व स्कूल अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नागरिक राम सेवक जी, विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, पंचायत प्रतिनिधि, स्कूली बच्चे एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

विशेष रूप से मातृ शक्ति की उल्लेखनीय उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। पूरे आयोजन में ग्रामीणों में राष्ट्रीय पर्व को लेकर उत्साह और देशभक्ति का जज्बा देखने को मिला।









