बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 30 मार्च को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे की तैयारियां जोरों पर हैं। वे बोदरी तहसील के ग्राम मोहभट्ठा में विशाल आमसभा को संबोधित करेंगे और विकास कार्यों की सौगात देंगे। इस आयोजन की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद ने शनिवार को सभास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों की बैठक लेकर दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अब तक की तैयारियों पर संतोष जताते हुए 25 मार्च तक सभी व्यवस्थाओं को पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री के सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन हो, साथ ही आम नागरिकों की सुविधाओं का भी पूरा ध्यान रखा जाए। बदलते मौसम को देखते हुए तैयारियों में गर्मी और बारिश दोनों की संभावनाओं को ध्यान में रखने को कहा गया है। इसके अलावा, पार्किंग स्थल को भी सुव्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
भव्य आयोजन के लिए विशेष तैयारियां
कलेक्टर अवनीश शरण ने मुख्यमंत्री के सचिव को अब तक की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री की आमसभा 55 एकड़ के विशाल मैदान में आयोजित की जाएगी। सभास्थल पर तीन हेलीपैड लगभग तैयार हो चुके हैं, जिनमें से दो हेलीपैड राज्यपाल और मुख्यमंत्री के लिए बनाए जा रहे हैं। कार्यक्रम में अनुमानित 2 लाख लोगों की उपस्थिति को देखते हुए 100 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में नौ पार्किंग स्थल तैयार किए गए हैं।
बैठने और सुविधाओं की विशेष व्यवस्था
- सभास्थल पर पांच विशाल डोम बनाए जा रहे हैं, जहां कुल 120 सेक्टर में लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी।
- प्रत्येक सेक्टर में 1,000 से 1,500 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी।
- सभी सेक्टरों में पेयजल, नाश्ता, दवाइयों और साफ-सफाई की जिम्मेदारी निभाने के लिए 7 कर्मचारियों की तैनाती होगी।
- सभा में शामिल होने वाले लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए लगभग 150 पक्के शौचालय बनाए जा रहे हैं।
- 25 मार्च के बाद सभास्थल की ब्रांडिंग और अंतिम चरण की तैयारियों को पूरा किया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार
एसएसपी रजनेश सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। सुरक्षा को देखते हुए आगंतुकों को दो से तीन घंटे पहले सभास्थल पर पहुंचने की सलाह दी गई है। कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आने वाले लोगों के लिए पार्किंग को कलर कोडिंग कर व्यवस्थित किया गया है, जिससे यातायात सुगम रहे।
प्रधानमंत्री के इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्रशासन युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटा हुआ है।










