बिलासपुर। जिले में एक सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को सुलझाते हुए बिलासपुर पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पत्नी ने घरेलू हिंसा और शराब के नशे में मारपीट से परेशान होकर अपने पति की हत्या की साजिश रची थी। उसने अपनी मां, जीजा और जीजा के दोस्त के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिलवाया और इसके लिए एक लाख रुपये की सुपारी दी थी।
घटना का विवरण
17 जुलाई को चकरभाठा थाना क्षेत्र अंतर्गत हिर्री माइन्स के पास एक युवक का शव बरामद हुआ था। युवक का चेहरा बुरी तरह पत्थरों से कुचला गया था, जिससे पहचान करना मुश्किल हो गया था। पुलिस ने तत्काल अज्ञात शव का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
शव की पहचान और पुलिस की जांच
शव की पहचान साहिल पाटले (24 वर्ष), निवासी ग्राम मोहनपुर, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में की गई। पुलिस को संदेह मृतक की पत्नी वर्षा खुंटे (20 वर्ष) पर हुआ। जब उससे गहन पूछताछ की गई तो उसने चौंकाने वाला खुलासा किया।
पत्नी ने रची थी साजिश
पूछताछ में वर्षा ने बताया कि उसका पति साहिल शराब पीकर आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। परेशान होकर उसने अपनी मां सरोजनी खुंटे (38), जीजा राजाबाबू खुंटे (24) और जीजा के दोस्त विकास आदिले (19) के साथ मिलकर साहिल की हत्या की योजना बनाई। एक लाख रुपये की सुपारी तय की गई, जिसमें से आठ हजार रुपये एडवांस दिए गए थे।
इस तरह की गई हत्या
राजाबाबू और विकास ने साहिल को बहला-फुसलाकर बाइक से हिर्री माइन्स ले गए। वहां उसे शराब पिलाई गई और जब वह नशे में हो गया, तो सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी गई। पहचान छिपाने के लिए चेहरा बुरी तरह कुचल दिया गया।
साक्ष्य और गिरफ्तारियां
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर, मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
सीसीटीवी फुटेज ने खोला राज
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि एएसपी अनुज कुमार, सीएसपी रश्मित कौर चावला और चकरभाठा थाना पुलिस की टीम ने सौ से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद चारों आरोपितों को गिरफ्तार किया। जांच में यह भी सामने आया कि जीजा राजाबाबू पहले भी वर्ष 2020 में जांजगीर-चांपा में हत्या के एक मामले में संलिप्त था।
पुलिस का संदेश
एसएसपी ने कहा कि घरेलू हिंसा जैसी समस्याओं का समाधान कानूनी रास्ते से किया जाना चाहिए, अपराध कभी विकल्प नहीं हो सकता।







